बरसात से पहले एक्शन मोड में मंत्री, बिन्दाल नदी क्षेत्र का किया निरीक्षण
देहरादून, 23 मई (हि. स.)। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार सुबह विजय कॉलोनी क्षेत्र का दौरा कर बरसात से पूर्व सुरक्षात्मक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विजय कॉलोनी पुल से बद्रीनाथ कॉलोनी तक बिन्दाल नदी में चेनलाइजेशन कार्य शीघ्र शुरू करने के अधिकारियों को निर्देश दिए।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मानसून शुरू होने से पहले चेनलाइजेशन कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि जलभराव और संभावित आपदा से क्षेत्रवासियों को नुकसान न उठाना पड़े। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी सुरक्षात्मक कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाने चाहिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने विजय पेयजल कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में क्षेत्रवासियों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाए और किसी भी प्रकार की जल समस्या उत्पन्न न होने पाए। साथ ही नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने नीलकंठ विहार, विजय कॉलोनी भाग-3 बस्ती एवं मुख्य चौराहे के आसपास रहने वाले लोगों के घरों तक सुचारु पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।
इस अवसर पर सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता पुरुषोत्तम कुमार, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता आशीष भट्ट, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, महामंत्री भावना चौधरी, पूर्व पार्षद सत्येंद्र नाथ सहित क्षेत्र के अनेक लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

