home page

भगवानपुर में आयुर्वेदिक दवा फैक्ट्री का संयुक्त निरीक्षण, नमूने लेकर स्टॉक सील

 | 
भगवानपुर में आयुर्वेदिक दवा फैक्ट्री का संयुक्त निरीक्षण, नमूने लेकर स्टॉक सील


हरिद्वार, 14 अक्टूबर (हि.स.)। भगवानपुर औद्योगिक क्षेत्र के लंकेश्वरी स्थित एक आयुर्वेदिक औषधि निर्माण इकाई का मंगलवार को संयुक्त टीम ने निरीक्षण कर दो दवाओं के नमूने लिए। जांच रिपोर्ट आने तक संबंधित स्टॉक को सील कर दिया गया है।

राज्य औषधि अनुज्ञापन अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार के पत्र और आयुष निदेशक देहरादून को मिली गोपनीय शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई।

जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी एवं औषधि निरीक्षक डॉ. स्वास्तिक सुरेश के नेतृत्व में टीम में औषधि निर्माण विशेषज्ञ डॉ. अवनीश कुमार उपाध्याय, डॉ. भास्कर आनंद शर्मा, औषधि निरीक्षक डॉ. विनोद जगूड़ी, एएनटीएफ उपनिरीक्षक दीपक मैठाणी समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे।

टीम ने निर्माण लाइसेंस, दस्तावेज और व्यवस्थाओं की जांच की। कंपनी प्रतिनिधि की मौजूदगी में दो प्रकार की आयुर्वेदिक दवाओं के नमूने नियमानुसार लेकर राज्य औषधि परीक्षण प्रयोगशाला हरिद्वार भेजे गए। पंचनामे के अनुसार सीलबंद स्टॉक में सिरप की पांच पेटियों में 300 बोतलें, एक पेटी में 74 बोतलें और ऑयल की 20 शीशियां शामिल हैं।

निरीक्षण के दौरान प्रबंधन को जीएमपी मानकों, गुणवत्ता नियंत्रण और अभिलेख रखरखाव के सख्त निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला