home page

तेज रफ्तार ट्रक ने चार साल के मासूम को कुचला, मौके पर मौत

 | 

हरिद्वार, 14 नवंबर (हि.स.)। कोतवाली लक्सर क्षेत्र के ग्राम फतवा में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से चार वर्षीय मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के वक्त बच्चा अपनी मां के साथ सड़क किनारे खड़ा था। दुर्घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम फतवा निवासी अर्जुन सिंह का चार वर्षीय भतीजा रुद्र कुमार 10 नवंबर की शाम करीब चार बजे अपनी मां के साथ गांव में सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान हरियाणा नंबर का ट्रक एचआर 58 बी 2345 गलत दिशा से तेज रफ्तार में आया और चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बच्चे को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के समय रंजीत सिंह और कृष्ण कुमार समेत कई लोग वहां मौजूद थे।

मासूम की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मामले में कोतवाली लक्सर पुलिस ने तहरीर के आधार पर ट्रक चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि ग्राम फतवा में ट्रक की चपेट में आने से चार वर्षीय बालक की मौत के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना के लिए जिम्मेदार चालक के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला