(अपडेट) इमारत ढहने से घायल पीएसी जवान की मौत
रुड़की, 05 अक्टूबर (हि.स.)। धनौरी स्थित अमृत लॉ कॉलेज में सोमवार को भवन का एक हिस्सा ढहने से मलबे में दबे पीएसी जवान की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस और राहत-बचाव दल ने जवान को मलबे से निकालकर गंभीर हालत में हायर सेंटर पहुंचाया था। एसपी देहात अभय प्रताप सिंह ने जवान की मौत की पुष्टि की है।
उन्होंने बताया गया कि कॉलेज परिसर में पीएसी की एक प्लाटून ठहरी हुई थी। इसी दौरान बाथरूम की ओर बने भवन का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। तेज आवाज के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक पीएसी जवान मलबे की चपेट में आकर दब गया।
सूचना मिलने पर कलियर कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी और धनौरी चौकी प्रभारी मुनव्वर हसन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने राहत एवं बचाव दल की मदद से मलबा हटाकर जवान को बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए हायर सेंटर भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। भवन का हिस्सा गिरने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही भवन के क्षतिग्रस्त होने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। जवान की मौत से पीएसी और पुलिस विभाग में शोक की लहर है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

