home page

चाइनीज मांझे की चपेट में आकर बाइक सवार घायल, अभियान पर उठे सवाल

 | 
चाइनीज मांझे की चपेट में आकर बाइक सवार घायल, अभियान पर उठे सवाल


हरिद्वार, 28 नवंबर (हि.स.)। लगातार अभियान के बावजूद शहर में चाइनीज मांझा फिर मौत बनकर उड़ रहा है। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बाल्मीकि बस्ती के पास बाइक से जा रहा युवक चाइनीज मांझे की चपेट में आकर घायल हो गया। मांझा युवक के मुंह और आंखों के ऊपर से काटता हुआ पार हो गया, जिससे वह बाइक से गिरकर घायल हो गया।

घायल युवक की पहचान सुभाष नगर निवासी 32 वर्षीय आशीष धीमान के रूप में हुई है। उसका इलाज भूमानंद अस्पताल में चल रहा है। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी उसके परिवार को दी।

इस घटना के बाद लोगों का कहना है कि पुलिस प्रशासन के हर साल अभियान चलाने के बावजूद बसंत पंचमी आते ही आसमान में चाइनीज मांझा उड़ने लगता है। सवाल उठ रहा है कि आखिर प्रतिबंध के बावजूद दुकानदारों को चाइनीज मांझा कहां से उपलब्ध हो रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला