home page

मुख्यमंत्री ने परियोजनाओं की समीक्षा की, गंगा-शारदा कॉरिडोर कार्यों में तेजी के निर्देश

 | 
मुख्यमंत्री ने परियोजनाओं की समीक्षा की, गंगा-शारदा कॉरिडोर कार्यों में तेजी के निर्देश


देहरादून, 08 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर और ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के कार्यों में तेजी लाने और प्राथमिकता के आधार पर उन्हें आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

बुधवार को उत्तराखंड निवेश और आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) की चौथी बैठक में राज्य की प्रमुख अवसंरचनात्मक परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि यूआईआईडीबी का गठन राज्य में निवेश को बढ़ावा देने और आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए प्रक्रियाओं को सरल बनाने पर बल दिया, ताकि परियोजनाएं समयबद्ध रूप से धरातल पर उतर सकें। उन्होंने कहा कि आगामी छह माह में इन परियोजनाओं की ठोस प्रगति दिखाई देनी चाहिए। इसके लिए प्रत्येक परियोजना की स्पष्ट समयसीमा तय करने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।

शारदा कॉरिडोर के संबंध में मुख्यमंत्री ने भूमि उपलब्धता के साथ भूस्खलन की दृष्टि से क्षेत्र की संवेदनशीलता का अध्ययन कर आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शारदा नदी के किनारे रिवरफ्रंट विकास और घाटों के सौंदर्यीकरण से श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

बैठक में आगामी हरिद्वार कुंभ को ध्यान में रखते हुए गंगोत्री से हरिद्वार तक गंगा स्वच्छता, घाटों के सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर प्राथमिकता से कार्य करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता,पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे राज्य के समग्र विकास को गति मिलेगी और उत्तराखंड को निवेश के लिए आकर्षक गंतव्य के रूप में स्थापित किया जा सकेगा।

बैठक में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, उपाध्यक्ष अवस्थापना अनुश्रवण परिषद विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय