home page

इंडिया डिजाइन वीक–2026 के फाइनल में गुरुकुल कांगड़ी के छात्रों का उत्कृष्ट प्रदर्शन

 | 
इंडिया डिजाइन वीक–2026 के फाइनल में गुरुकुल कांगड़ी के छात्रों का उत्कृष्ट प्रदर्शन


हरिद्वार, 25 अप्रैल (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय के छात्रों ने इंडिया डिजाइन वीक 2026 के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष दस में अपनी जगह बनाई। यह दो दिवसीय प्रतियोगिता ग्रेटर नोएडा में आयोजित हुई।

इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उत्तर भारत के सात राज्यों से 100 टीमों ने भाग लिया, जिनमें विभिन्न विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के प्रतिभागी शामिल थे। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय की तीन टीमों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और अपनी तकनीकी दक्षता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों को 24 घंटे के भीतर कम लागत, पोर्टेबल और उपयोग में सरल घुटना पुनर्वास मशीन डिजाइन करने की चुनौती दी गई। कड़े मुकाबले के बाद शीर्ष दस टीमों का चयन किया गया, जिसमें गुरुकुल की टीम के छात्र हर्ष चौरसिया और कार्तिक ने स्थान हासिल किया।

टीम के मेंटर और यांत्रिकी विभाग के डॉ. मयंक पोखरियाल ने बताया कि यह इंडिया डिजाइन वीक का 9वां संस्करण था और उत्तर भारत में पहली बार इसका आयोजन किया गया। अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. मयंक अग्रवाल ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में डिजाइन और नवाचार की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं छात्रों में रचनात्मकता, तकनीकी कौशल व व्यावहारिक सोच को विकसित करती हैं।

यांत्रिकी विभाग के प्रभारी डॉ. संजीव लांबा ने भी इस उपलब्धि को प्रेरणादायक बताते हुए छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा, कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार तथा वित्त अधिकारी प्रो. वी.के. सिंह ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला