home page

आधुनिक ऑटोमेटेड पार्किंग लोकार्पण, शहर को जाम से मिलेगी राहत

 | 
आधुनिक ऑटोमेटेड पार्किंग लोकार्पण, शहर को जाम से मिलेगी राहत


देहरादून, 24 मार्च (हि. स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड पर निर्मित 111 वाहन क्षमता वाली आधुनिक ऑटोमेटेड पार्किंग का मंगलवार काे लोकार्पण किया। लगभग 472.23 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह सुविधा शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

जिला प्रशासन के अनुसार, शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने और नागरिकों को व्यवस्थित पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह परियोजना जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशन में विकसित की गई है। योजना के तहत शहर के प्रमुख स्थानों परेड ग्राउंड, तिब्बती मार्केट (132 वाहन क्षमता) और कोरोनेशन क्षेत्र (18 वाहन क्षमता) में चरणबद्ध तरीके से ऑटोमेटेड पार्किंग स्थापित की गई है।

पार्किंग सुविधाओं को अधिक नागरिक हितैषी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने “फ्री सखी कैब सेवा” भी शुरू की है। इसके तहत पार्किंग में वाहन खड़ा करने वाले लोगों को नजदीकी व्यस्त क्षेत्रों तक निःशुल्क आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इस सेवा के लिए जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, देहरादून को ईवी वाहन उपलब्ध कराए गए हैं।

इसके अतिरिक्त, शहर में सार्वजनिक परिवहन को सुदृढ़ करने के लिए शीघ्र ही ईवी मिनी बस शटल सेवा शुरू किए जाने की भी योजना है, जो पार्किंग स्थलों को प्रमुख गंतव्यों से जोड़ेगी और निजी वाहनों के उपयोग को कम करने में सहायक होगी।

जिला प्रशासन का कहना है कि यह पहल न केवल यातायात जाम की समस्या को कम करेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, स्मार्ट ट्रैफिक प्रबंधन और शहरी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में भी अहम भूमिका निभाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय