सीएसआर सहयोग से नवीनीकृत चांदपुर आंगनवाड़ी केंद्र का लोकार्पण
हरिद्वार, 15 जुलाई (हि.स.)। कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत पैनासोनिक लाइफ सॉल्यूशंस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग एवं रजत शहरी एवं ग्रामोथान संस्थान (आरएसजीएस) के माध्यम से ग्राम पंचायत चांदपुर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र के नवीनीकरण का कार्य पूरा होने के बाद बुधवार को नवीनीकृत केंद्र का लोकार्पण कर उसे महिला एवं बाल विकास विभाग को औपचारिक रूप से हस्तांतरित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग हरिद्वार अविनाश भदौरिया ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों, गर्भवती एवं धात्री माताओं के स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के अनुकूल, स्वच्छ और आकर्षक वातावरण वाले ऐसे केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ समुदाय की सहभागिता को भी मजबूत करेंगे। उन्होंने इस पहल के लिए पैनासोनिक लाइफ सॉल्यूशंस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और रजत शहरी एवं ग्रामोथान संस्थान की सराहना करते हुए इसे सरकार और कॉर्पोरेट क्षेत्र की प्रभावी साझेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
पैनासोनिक लाइफ सॉल्यूशंस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) सौरभ गुप्ता ने कहा कि कंपनी अपने सीएसआर कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और सामुदायिक विकास के क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और प्रेरणादायक आंगनबाड़ी केंद्र उपलब्ध कराना कंपनी की सामाजिक प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण हिस्सा है और भविष्य में भी ऐसी जनहितकारी पहलें जारी रहेंगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए रजत शहरी एवं ग्रामोथान संस्थान की चेयरपर्सन कनिका शर्मा ने बताया कि नवीनीकरण के तहत भवन की मरम्मत, आकर्षक शैक्षणिक एवं बाल-अनुकूल पेंटिंग, रंग-रोगन तथा आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास किया गया है, जिससे बच्चों के सीखने, खेलने और समग्र विकास के लिए सुरक्षित एवं प्रेरणादायक वातावरण तैयार हो सके।
इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी गीता शर्मा, ग्राम प्रधान अनिल सैनी, सुपरवाइजर शकुंतला एवं गौरी कौशिक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता वंदना सैनी और आरती सैनी सहित विभागीय अधिकारी, ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि, स्थानीय गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में नवीनीकृत आंगनवाड़ी केंद्र का औपचारिक रूप से महिला एवं बाल विकास विभाग को हस्तांतरित किया गया। अतिथियों ने केद्र का निरीक्षण कर उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की सराहना की। वहीं स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने पैनासोनिक लाइफ सॉल्यूशंस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड व रजत शहरी एवं ग्रामोथान संस्थान का आभार व्यक्त करते हुए इस पहल को समुदाय के लिए महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी उपलब्धि बताया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

