home page

पोषण माह में आहार विविधता और बाल विकास पर जोर

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 11 सितंबर (हि.स.)। जिले के विभिन्न विकासखंडों में ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ थीम पर 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत जागरूकता और जनसहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में बच्चों, गर्भवती और धात्री महिलाओं के बेहतर पोषण पर विशेष जोर दिया गया।

जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि कार्यक्रमों के माध्यम से आहार में विविधता, पर्याप्त प्रोटीन और आंगनबाड़ी केंद्रों में ताजा पका पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के महत्व की जानकारी दी गई। इसके साथ ही सामुदायिक स्वामित्व, जवाबदेही, बच्चों के पोषण एवं प्रारंभिक बाल विकास और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के संबंध में लोगों को जागरूक किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और संबंधित कार्मिकों ने लोगों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी देते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों की सेवाओं में समुदाय की भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह