मोरी में अफीम की खेती पर बड़ा एक्शन, 31 लोगों पर मुकदमा
-पोस्त और डंठलों के नमूने जांच के लिए भेजे
उत्तरकाशी, 04 मई (हि.स.)। जनपद के मोरी क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ पुलिस और राजस्व विभाग ने संयुक्त रूप से की गई बड़ी कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन और नशामुक्त अभियान के तहत चलाए जा रहे इस अभियान में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए नशे के कारोबार पर कड़ा प्रहार किया है।
संयुक्त टीम ने प्रतिबंधित अफीम की खेती पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 31 लोगों को कानून के शिकंजे में लिया है।
गौरतलब है कि पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में, पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण व तहसीलदार मोरी सरदार सिंह चौहान और थानाध्यक्ष दीपक रावत के नेतृत्व में टीम ने दूरस्थ ग्राम पेन्सर (कनुरा तोक मार्ग) में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान लगभग 75 वर्ग मीटर क्षेत्र में उगाई जा रही प्रतिबंधित अफीम ( पोस्त ) की खेती को नष्ट कर दिया गया। मौके से पोस्त और डंठलों के नमूने भी एकत्र किए गए हैं, जिन्हें आगे की जांच के लिए भेजा जाएगा।
इस मामले में बिना लाइसेंस खेती करने वाले 31 भू-स्वामियों के खिलाफ थाना मोरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / चिरंजीव सेमवाल

