home page

उत्तराखंड में छह आईएएस अधिकारियों के दायित्वों में फेरबदल, नितेश झा से पंचायती राज विभाग वापस

 | 
उत्तराखंड में छह आईएएस अधिकारियों के दायित्वों में फेरबदल, नितेश झा से पंचायती राज विभाग वापस


देहरादून, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड शासन ने मंगलवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के छह अधिकारियों के विभागीय दायित्वों में फेरबदल किया है। इस बदलाव के तहत वरिष्ठ आईएएस अधिकारी नितेश कुमार झा से पंचायती राज विभाग का दायित्व वापस ले लिया गया है, जबकि सी. रविशंकर को सैनिक कल्याण विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कार्मिक एवं सतर्कता विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, वर्ष 2002 बैच के आईएएस अधिकारी नितेश कुमार झा को सचिव, पंचायती राज विभाग के पदभार से अवमुक्त किया गया है। वह सचिव, शहरी विकास विभाग का दायित्व संभालते रहेंगे।

वर्ष 2009 बैच के आईएएस अधिकारी सी. रविशंकर को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ सचिव, सैनिक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। इसी क्रम में आईएएस युगल किशोर पंत को सचिव, सैनिक कल्याण विभाग के पदभार से अवमुक्त किया गया है।

आईएएस उमेश नारायण पाण्डेय को सचिव, पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, व आईएएस विनीत कुमार को निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण, देहरादून व प्रबंध निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण निगम के पद पर तैनात किया गया है।

आईएएस अधिकारी दीप्ति सिंह को निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण और प्रबंध निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण निगम के पदभार से अवमुक्त किया गया है। आदेश के अनुसार, संबंधित अधिकारियों के शेष दायित्व यथावत रहेंगे।

शासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को वर्तमान पदभार से कार्यमुक्त होकर नवीन तैनाती का तत्काल कार्यभार ग्रहण करने और अनुपालन आख्या कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग-एक को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय