home page

मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने को दून में हॉटस्पॉट क्षेत्रों की होगी मैपिंग

 | 
मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने को दून में हॉटस्पॉट क्षेत्रों की होगी मैपिंग


देहरादून, 21 नवंबर (हि.स.)। देहरादून जिले में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर उनका हॉटस्पॉट डेटाबेस तैयार किया जाएगा। हाथी, गुलदार, बाघ, भालू और सांपों की आवाजाही वाले इलाकों की क्षेत्रवार मैपिंग के साथ वहां निगरानी और गश्त बढ़ाई जाएगी।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शनिवार को ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जिला स्तरीय मानव-वन्यजीव संघर्ष न्यूनीकरण एवं प्रबंधन समिति की बैठक में वन विभाग को पिछले 10 वर्षों में हुई घटनाओं का क्षेत्रवार ब्योरा तैयार करने और जोखिम वाले स्थानों को चिह्नित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में वन विभाग की पेट्रोलिंग टीमों की आवाजाही बढ़ाई जाए और स्थानीय लोगों को लाठी, टॉर्च तथा लाउड हेलर जैसे सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं।

जिलाधिकारी ने संवेदनशील इलाकों में सोलर लाइट लगाने, कैमरा ट्रैप और निगरानी कैमरों के उपयोग तथा अर्ली वार्निंग सिस्टम विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने वन विभाग की पेट्रोलिंग और क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) की संख्या एवं क्षमता बढ़ाने के निर्देश देते हुए जरूरत के अनुसार अतिरिक्त मानव संसाधन उपलब्ध कराने की बात कही। वन्यजीव संघर्ष और वनाग्नि की घटनाओं की सूचना तत्काल संबंधित विभागों तक पहुंचाने के लिए हेल्पलाइन नंबर 1926 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को भी कहा।

जिलाधिकारी ने उरेडा और विद्युत विभाग को संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त सोलर लाइट लगाने तथा नगर निगम और नगर पालिकाओं को कूड़े का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आबादी वाले क्षेत्रों में वन्यजीवों को आकर्षित करने वाले कारणों पर नियंत्रण जरूरी है।

उन्होंने जंगल से सटे गांवों के आसपास झाड़ियों की कटाई कराने तथा हाथी प्रभावित क्षेत्रों में किसानों को गन्ना और धान के बजाय वैकल्पिक फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने को कहा। बैठक में स्कूली बच्चों और किसानों के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में वन्यजीवों से बचाव के उपायों की जानकारी देने पर भी चर्चा हुई।

बैठक में वन विभाग के सहायक वन संरक्षक अभिषेक मैठाणी ने बताया कि वर्ष 2017 से अब तक जिले में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं में 35 लोगों की मौत हुई है। इनमें हाथी के हमले से 10, गुलदार के हमले से 11, सांप के काटने से 13 और भालू के हमले से एक व्यक्ति की जान गई है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, उप प्रभागीय वनाधिकारी अभिषेक मैठाणी और आरती मैठाणी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय