home page

एचआरडीए के नए सचिव प्रत्यूष ने संभाला पदभार

 | 
एचआरडीए के नए सचिव प्रत्यूष ने संभाला पदभार


हरिद्वार, 06 जून (हि.स.)। वरिष्ठ पीसीएस अधिकारी प्रत्यूष सिंह ने हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) के सचिव पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालने के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण के सभी कार्य निर्धारित बॉयलॉज और शासन की गाइडलाइन के अनुरूप संचालित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्राधिकरण की योजनाओं के अनुसार सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा, जबकि अवैध निर्माण और बिना स्वीकृति की जा रही प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

पूर्व सचिव मनीष कुमार सिंह के कुमाऊं मंडल स्थानांतरण के बाद प्रत्यूष सिंह को एचआरडीए की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शनिवार को पदभार ग्रहण करने के दौरान उन्होंने विभाग के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अभियंताओं से परिचय प्राप्त किया और कार्यों की समीक्षा की।

प्रत्यूष सिंह ने कहा कि पहले से विकसित कॉलोनियों में आवश्यक सुविधाओं के विकास कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने आमजन, व्यापारियों और कॉलोनाइजरों से नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि बिना स्वीकृति कॉलोनियां विकसित करने या प्लॉटिंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी, ताकि भविष्य में लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला