अवैध निर्माण पर प्राधिकरण की सख्ती, कई स्थलों पर कार्रवाई
हरिद्वार, 29 अप्रैल (हि.स.)। ज्वालापुर क्षेत्र में प्राधिकरण ने अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कई स्थलों पर कार्रवाई की। पीएसी रोड पर ए टू जेड ऑटोमोबाइल के सामने मौ. नावेद द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के लगभग 20×40 फीट क्षेत्र में किए जा रहे व्यावसायिक निर्माण को सील कर दिया गया। इसके अलावा तक्षशिला इंटर कॉलेज के पास रामधाम कॉलोनी में अर्जुन द्वारा भूतल के ऊपर प्रथम व द्वितीय तल पर लगभग 120×40 फीट क्षेत्र में किए जा रहे निर्माण, आरके पुरम कॉलोनी में बैरियर नंबर-6 के पास नाजिर मिरजवान खान द्वारा स्वीकृत मानचित्र से हटकर किए जा रहे निर्माण और रोशनाबाद सिडकुल क्षेत्र में फुरकान द्वारा किए जा रहे अवैध निर्माण पर भी कार्रवाई की गई।
प्राधिकरण की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में इन सभी निर्माण स्थलों को सील कर दिया। अधिकारियों के अनुसार पूर्व में निर्माणकर्ताओं को कार्य रोकने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन आदेशों की अनदेखी जारी रहने पर यह कार्रवाई की गई। मौके पर मौजूद लोगों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में बिना अनुमति निर्माण दोबारा शुरू न किया जाए, अन्यथा और कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

