home page

एचआरडीए ने दो अवैध कॉलोनियों पर चलाया बुलडोजर, एक आवासीय निर्माण सील

 | 
एचआरडीए ने दो अवैध कॉलोनियों पर चलाया बुलडोजर, एक आवासीय निर्माण सील


हरिद्वार, 08 अप्रैल (हि.स.)।हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण ने अनाधिकृत कॉलोनिओं व अवैध व्यावसायिक निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ज्वालापुर क्षेत्र में दो स्थानों पर चल रही अवैध प्लाटिंग मैं निर्माण कार्य को ध्वस्त किया है, वहीं एक आवासीय परिसर को सील किया गया है।

प्राधिकरण के सचिव मनीष सिंह के अनुसार ज्वालापुर में जमालपुर कलां रोड पर तालाब के सामने लगभग 07 बीघा क्षेत्रफल में, तथा सराय रोड पर बाग वाली नई कॉलोनी के सामने 04 बीघा में अनधिकृत प्लॉटिंग विकसित की जा रही है। उन्होंने बताया कि निर्देशों के बावजूद भी अनाधिकृत निर्माणकर्ताओं द्वारा स्थल पर निर्माण कार्य बंद ना करने के कारण प्राधिकरण की टीम द्वारा अवैध निर्माणों को जेसीबी की सहायता से पुलिस बल की उपस्थिति में ध्वस्त किया गया।

दूसरी ओर हरिद्वार में नूरपुर पंजनहेेड़ी के भगवती विहार स्थित लक्ष्मी मेडिकल स्टोर के सामने अनाधिकृत आवासीय निर्माण को प्राधिकरण की टीम द्वारा पुलिस बल की उपस्थिति में सील किया गया। सभी अनाधिकृत निर्माणकर्ता को निर्देश दिए गए कि स्थल पर बिना मानचित्र स्वीकृत कराए आगे निर्माण कार्य ना किया जाए। अन्यथा अपराधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला