home page

उत्तराखंड में भी एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान के लिए तैयारियां पूरी,155 टीकाकरण केंद्र चिन्हित

 | 
उत्तराखंड में भी एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान के लिए तैयारियां पूरी,155 टीकाकरण केंद्र चिन्हित


देहरादून, 26 फ़रवरी (हि.स.)। स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि महिलाओं में होने वाला गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर अब लाइलाज नहीं है। राज्य सरकार ने भी प्रदेशभर में एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रदेशभर की चिकित्सा इकाइयों में 155 टीकाकरण केंद्र चिन्हित किए गए हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि इस गंभीर बीमारी की रोकथाम के लिए केन्द्र सरकार की ओर से राष्ट्रव्यापी एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन अभियान चलाया जा रहा है, जिसका शुभारंभ 28 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अजमेर से करेंगे।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि अभियान के तहत 14 वर्ष आयु वर्ग की शत-प्रतिशत बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी टीका लगाया जाएगा। अब तक यह टीका निजी अस्पतालों में लगभग 4 हजार रुपये प्रति डोज की कीमत पर उपलब्ध था,लेकिन भारत सरकार की ओ इसे पात्र बालिकाओं के लिए पूरी तरह निःशुल्क किया गया है।

मंत्री ने बताया कि टीकाकरण कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए प्रदेश के सभी जिला एवं ब्लॉक स्तर पर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। डॉक्टरों,नर्सों,एएनएम,आशा कार्यकर्ताओं और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। वैक्सीन की उपलब्धता,कोल्ड-चेन व्यवस्था और रिपोर्टिंग सिस्टम को सुदृढ़ करने के निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं,ताकि टीकाकरण सुरक्षित,प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

कार्यक्रम के प्रथम चरण में प्रदेशभर की चिकित्सा इकाइयों में 155 टीकाकरण केंद्र चिन्हित किए गए हैं,जहां 14 वर्ष की सभी पात्र बालिकाओं को निःशुल्क टीका लगाया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने अभिभावकों,शिक्षकों,स्कूल प्रबंधन समितियों,पंचायत प्रतिनिधियों,महिला समूहों और समाज के जागरूक नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और हर पात्र बालिका का टीकाकरण सुनिश्चित करें। साथ ही सभी जनपदों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं,ताकि प्रदेश की प्रत्येक बेटी इस महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच का लाभ उठा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय