नैनीताल के 15 होटल-गेस्ट हाउसों में मिलीं खामियां, छह पर जुर्माना
नैनीताल, 09 अक्टूबर (हि.स.)। नैनीताल शहर में शुक्रवार को 22 होटल और गेस्ट हाउसों के निरीक्षण में 15 इकाइयों में अनियमितताएं मिलीं। इनमें से छह पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि नौ इकाइयों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। सात इकाइयां निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित मिलीं।
कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत और जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्य ने यह निरीक्षण किया। जांच में कमरों की दरें प्रदर्शित नहीं करने, निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालन नहीं होने और पंजीकृत कमरों से अधिक कक्ष संचालित किए जाने जैसी अनियमितताएं सामने आईं।
जुर्माना लगाए गए प्रतिष्ठानों में इनवाईट गेस्ट हाउस, लिटिल हैवन गेस्ट हाउस,स्काई लार्क गेस्ट हाउस, टूरिस्ट होटल,नैनी गेस्ट हाउस और जेके गेस्ट हाउस शामिल हैं। वहीं,होटल परिहार,टूरिस्ट होटल, होटल सिटी इन,सुमन रेजेंसी, गायत्री होटल,होटल टूरिस्ट ए ब्लॉक, स्टार गेस्ट हाउस, होटल ब्रॉडवे और होटल फ्रेसवेव को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने बताया कि जिले में होटल और होम स्टे इकाइयों का नियमित भौतिक निरीक्षण किया जा रहा है। मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

