home page

पौड़ी में होमगार्ड भर्ती के लिए भारी उत्साह, 4344 आवेदन

 | 
पौड़ी में होमगार्ड भर्ती के लिए भारी उत्साह, 4344 आवेदन


पौड़ी गढ़वाल, 23 मई (हि.स.)। जनपद में होमगार्ड के 60 पदों पर भर्ती के लिए कुल 4344 आवेदन प्राप्त हुए हैं। आवेदन प्रक्रिया शुक्रवार को समाप्त होने के बाद अब इनकी जांच शुरू हो गई है। होमगार्ड जवान बनने के लिए बीए, बीएड और बीटेक जैसी उच्च डिग्री धारकों ने भी आवेदन किया है।

जिले में होमगार्ड भर्ती को लेकर युवाओं में काफी उत्साह देखा गया। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं ने इस भर्ती में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वैतनिक प्लाटून कमांडर सुमन बिष्ट ने बताया कि जिले में होमगार्ड जवानों की 60 सीटों पर भर्ती होनी है। उन्होंने बताया कि कुल 4344 अभ्यर्थियों के आवेदन प्राप्त हुए हैं। इन आवेदनों में से 1234 डाक के माध्यम से और 3110 सीधे जमा किए गए हैं। आवेदन पत्रों की गहन जांच प्रक्रिया वर्तमान में जारी है। इस जांच के पूरा होने के बाद अगले चरण में शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह