home page

एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय का 12वां दीक्षांत समारोह 24 काे

 | 
एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय का 12वां दीक्षांत समारोह 24 काे


देहरादून, 18 मार्च (हि.स.)। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एसपी सिंह ने 24 मार्च को आयोजित होने वाले विश्वविद्यालय के 12वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों की समीक्षा की।

बुधवार काे कुलपति की अध्यक्षता में हुई बैठक में बताया गया कि दीक्षांत समारोह के लिए कुल 645 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है और पंजीकरण प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। इनमें 78 स्वर्ण पदक विजेता तथा 174 पीएचडी शोधार्थी शामिल हैं। कुलपति ने विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी पर संतोष व्यक्त किया। कुलपति प्रो. सिंह ने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे इस विशेष अवसर पर अपनी पारंपरिक/एथनिक वेशभूषा में उपस्थित हों, जिससे सांस्कृतिक विविधता और गौरव को बढ़ावा मिले। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि दीक्षांत समारोह से एक दिन पूर्व, 23 मार्च 2026 को कार्यकारी परिषद (ईसी) की बैठक हाेगी, जिसमें महत्वपूर्ण प्रशासनिक विषयों पर विचार हाेगा।

बैठक में संचालन समिति के संयोजक प्रो. एचबीएस चौहान, सह-संयोजक प्रो. एमएस पंवार, डीएसडब्ल्यू प्रो. ओपी गुसाईं, प्रो. वाईपी रैवानी, चौरास परिसर निदेशक प्रो. आरएस नेगी, मुख्य प्रॉक्टर प्रो. दीपक कुमार, कुलसचिव तथा विभिन्न समितियों के संयोजक एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी समितियों ने अपनी-अपनी तैयारियों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। कुलपति प्रो. सिंह ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए संतोष व्यक्त किया तथा समारोह के सुचारू एवं सफल आयोजन के लिए सभी समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश एवं सुझाव प्रदान किए।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल