home page

अवैध वसूली और जान से मारने की धमकी देने का आरोपित हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

 | 
अवैध वसूली और जान से मारने की धमकी देने का आरोपित हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार


हरिद्वार, 26 अक्टूबर (हि.स.)। कोतवाली कनखल की रविदास बस्ती में अवैध वसूली कर लोगों को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर अमित कटारिया को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपित पर तीन हत्या समेत कुल 22 मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया कि 25 अक्टूबर को रविदास बस्ती निवासी देवनन्द मंडल और आनंद कुमार ने कोतवाली में तहरीर दी थी।

शिकायत में कहा गया कि अमित कटारिया दुकानों से सामान लेने के बाद पैसे मांगने पर चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देता है। आरोप है कि वह लोगों में यह कहकर दहशत फैलाता है कि वह तीन हत्याएं कर चुका है और उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

छोटे दुकानदारों से वसूली की कई शिकायतें सामने आई हैं।

आरोप है कि वह सब्जी, दूध और राशन विक्रेताओं से सामान लेकर पैसा नहीं देता और मांगने पर धमकाता है। ई-रिक्शा, टेंपो चालकों, फड़-ठेली संचालकों और स्टैंड वालों से शराब पीने के नाम पर अवैध वसूली करता है।

पुलिस के अनुसार, आरोपित को पहले भी बीएनएसएस की धारा 170 के तहत हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया गया था। जमानत पर छूटने के बाद फिर से वसूली की शिकायतें मिलने पर दो मुकदमे दर्ज किए गए।

एसएसपी के निर्देश पर 26 अक्टूबर को पुलिस ने उसके घर पर दबिश देकर उसे पकड़ा और चालान कर दिया।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, अमित कटारिया पुत्र हुकम चंद निवासी रविदास बस्ती के खिलाफ हत्या के 3, गैंगस्टर के 1, अवैध वसूली के 3, छेड़खानी के 2, एनडीपीएस का 1, अवैध शस्त्र के 4, गुंडा एक्ट के 2, शराब तस्करी के 2 और मारपीट व 110 जी के 4 मामले समेत कुल 22 मुकदमे दर्ज हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला