home page

चमोली में हिस्ट्रीशीटर तस्कर 3.82 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार

 | 

गोपेश्वर, 18 जुलाई (हि. स.)। चमोली पुलिस ने कर्णप्रयाग क्षेत्र में एक हिस्ट्रीशीटर तस्कर को 3.82 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तीन मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, कर्णप्रयाग बाजार, गांधीनगर, आईटीआई रोड और सुभाष नगर क्षेत्र में नशा तस्करी की लगातार मिल रही सूचनाओं के आधार पर पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेन्द्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विनोद थपलियाल के नेतृत्व में टीम ने शुक्रवार देर रात बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाबा आश्रम के समीप सघन चेकिंग अभियान चलाया।

इस दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी में उसके कब्जे से 3.82 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान ग्वाड देवलधार निवासी सूरज सिंह नेगी (33) के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर उसके खिलाफ कोतवाली कर्णप्रयाग में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी पूर्व में भी नशा तस्करी और आर्म्स एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है। उसके विरुद्ध देहरादून और चमोली में एनडीपीएस एक्ट तथा आर्म्स एक्ट के तीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके नशा तस्करी नेटवर्क और अन्य संपर्कों की भी जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल