home page

शांतिकुंज में माता भगवती देवी की 100वीं जन्म जयंती पर होंगे विशेष आयोजन

 | 
शांतिकुंज में माता भगवती देवी की 100वीं जन्म जयंती पर होंगे विशेष आयोजन


हरिद्वार, 28 सितंबर (हि.स.)। अखिल विश्व गायत्री परिवार की संस्थापिका माता भगवती देवी शर्मा की 100वीं जन्म जयंती के अवसर पर गायत्री तीर्थ शांतिकुंज में 29 सितंबर से दो दिवसीय विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जन्मशताब्दी वर्ष की इस महत्वपूर्ण कड़ी में सामूहिक साधना, संगीत संध्या सहित विविध रचनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से माताजी के योगदान का स्मरण किया जाएगा।

दो दिवसीय आयोजन में गायत्री विद्यापीठ के विद्यार्थी और शांतिकुंज के कार्यकर्ता सहभागी होंगे। साधना और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ माता भगवती देवी के सेवा, त्याग और संस्कार निर्माण से जुड़े प्रेरक प्रसंगों को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाएगा। जन्मशताब्दी वर्ष के क्रम में शांतिकुंज में देश-विदेश के गायत्री परिजनों की सहभागिता से लगातार विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी कड़ी में शांतिकुंज में बचपन से रहे देव संस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. चिन्मय पण्ड्या माता भगवती देवी के जीवन से जुड़े कई अनकहे और आत्मीय प्रसंग साझा करेंगे। उनके संस्मरणों के माध्यम से माता भगवती देवी के व्यक्तित्व के उन पहलुओं को सामने लाने का प्रयास होगा, जो उनके निकट रहकर ही अनुभव किए जा सकते थे।

शांतिकुंज मीडिया के अनुसार, माता भगवती देवी शर्मा ने युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के साथ युग निर्माण और विचार क्रांति के अभियान को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका जीवन नारी जागरण, संस्कार निर्माण, सेवा और साधना के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। अखिल विश्व गायत्री परिवार इस वर्ष को जन्मशताब्दी वर्ष के रूप में मना रहा है। इसके अंतर्गत भारत सहित 50 से अधिक देशों में शृंखलाबद्ध विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला