home page

हिंदी संवाद सेतु के रुप मे डॉ. उपाध्याय का चयन

 | 
हिंदी संवाद सेतु के रुप मे डॉ. उपाध्याय का चयन


हरिद्वार, 23 जुलाई (हि.स.)। चमन लाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षाविद् डॉ. सुशील उपाध्याय का चयन भारत सरकार के केंद्रीय हिंदी निदेशालय की 'प्राध्यापक व्याख्यानमाला' के लिए किया गया है। इस योजना के अंतर्गत वे गैर हिंदी भाषी राज्यों में हिंदी विद्वानों, शोधार्थियों तथा हिंदी के विद्यार्थियों से संवाद करेंगे।

केंद्रीय हिंदी निदेशालय के निदेशक प्रो. हितेंद्र कुमार मिश्र द्वारा जारी पत्र में डॉ. सुशील उपाध्याय के चयन की सूचना दी गई। इस योजना के अंतर्गत देशभर से आठ हिंदी विद्वानों का चयन किया गया है, जिनमें चार हिंदी भाषी क्षेत्रों तथा चार गैर हिंदी भाषी क्षेत्रों में हिंदी के अध्यापन एवं शोध से जुड़े हुए हैं। हिंदी भाषी क्षेत्र से चयनित चार प्राध्यापकों में डॉ. सुशील उपाध्याय भी शामिल हैं।

वे उत्तराखंड से चयनित एकमात्र प्राध्यापक हैं।

इस योजना के अंतर्गत डॉ. सुशील उपाध्याय आगामी दिनों में महाराष्ट्र के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में हिंदी के प्राध्यापकों, शोधार्थियों तथा विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। केंद्रीय हिंदी निदेशालय की यह योजना हिंदी एवं गैर हिंदी भाषी क्षेत्रों के बीच हिंदी भाषा और साहित्य विषयक संवाद को बढ़ावा देने तथा भाषा के माध्यम से राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। इसी योजना के अंतर्गत केरल की हिंदी विदुषी प्रो. सिंधु टी.आई. आगामी सितंबर में उत्तराखंड के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में हिंदी प्राध्यापकों, शोधार्थियों तथा विद्यार्थियों से संवाद करेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला