home page

15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त होंगी सड़कें, हाईवे पर दिन-रात मरम्मत

 | 
15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त होंगी सड़कें, हाईवे पर दिन-रात मरम्मत


हरिद्वार, 03 अक्टूबर (हि.स.)। जनपद की सड़कों को गड्ढामुक्त करने की मुहिम अब धरातल पर तेज होती दिखाई दे रही है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-334ए के प्रदार्था क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, पेंचवर्क और डामरीकरण का काम दिन-रात कराया जा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने गड्ढायुक्त और क्षतिग्रस्त हिस्सों को चिह्नित कर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत शुरू की है।

अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग रुड़की सुरेश तोमर ने बताया कि कार्य में तेजी लाने के लिए विभागीय अधिकारी और कर्मचारी लगातार मौके पर निरीक्षण कर रहे हैं। निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयसीमा पर भी निगरानी रखी जा रही है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सड़क मरम्मत के कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और निर्धारित समयसीमा में सभी चिन्हित हिस्सों को दुरुस्त किया जाए। प्रशासन का जोर उन मार्गों पर है, जहां गड्ढों के कारण स्थानीय लोगों के साथ-साथ हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सड़कों को 15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी क्रम में हरिद्वार जिले में भी संबंधित विभागों को सड़क मरम्मत का काम प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। सड़कों के दुरुस्त होने से यातायात सुगम होने के साथ वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला