पांच साल में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी: मुख्यमंत्री
देहरादून, 20 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कहा कि राज्य में पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है।
मुख्यमंत्री ने देहरादून में आईएसबीटी के निकट एक होटल में आयोजित ‘उत्तराखंड उदय कॉन्क्लेव’ में विभिन्न विषयों पर पूछे गए सवालों के जवाब देते हुए सरकार की उपलब्धियों और विकास योजनाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को योग्यता और मेहनत के आधार पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है। उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड इसे लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। उनके अनुसार, यह महिलाओं को समान अधिकार देने और उनके सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर धामी ने कहा कि राज्य सरकार की नीति भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की है। भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 59 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। उन्होंने इसे प्रदेश के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का प्रतीक बताते हुए कहा कि सरकार यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए सड़क, स्वास्थ्य, यातायात और सुरक्षा सुविधाओं को बेहतर कर रही है। उन्होंने धार्मिक और पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देकर स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने की बात भी कही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

