हेलीकॉप्टर हादसे पर भाजपा, उक्रांद और कांग्रेस ने जताया शोक, जांच की मांग
देहरादून, 30 अक्टूबर (हि.स.)। चमोली जिले के जोशीमठ क्षेत्र में बदरीनाथ धाम से लौट रहे हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने और पायलट समेत छह लोगों की मौत पर भाजपा और कांग्रेस और उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने गहरा दुख व्यक्त किया है। कांग्रेस व उक्रांद ने हादसे की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने और मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि बदरीनाथ धाम से लौट रहे हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही शासन और प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन हेलीकॉप्टर में सवार लोगों को बचाया नहीं जा सका।
महेंद्र भट्ट ने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद की जा रही है।
वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने हादसे को हृदयविदारक और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने राज्य सरकार से दुर्घटना की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराकर इसके वास्तविक कारणों का पता लगाने की मांग की।
गोदियाल ने कहा कि मृतकों के परिजनों को तत्काल उचित आर्थिक सहायता और अन्य जरूरी राहत उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने चारधाम यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर सेवाओं में यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए तकनीकी स्थिति, पायलटों की उपलब्धता, मौसम और उड़ान संचालन से जुड़े सुरक्षा मानकों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने चमोली जिले के ज्योतिर्मठ क्षेत्र में हेलीकॉप्टर दुर्घटना पर शोक जताते हुए राज्य सरकार पर यात्रियों की सुरक्षा की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। कुकरेती ने सवाल उठाया कि खराब मौसम के बावजूद हेलीकॉप्टर को उड़ान की अनुमति किस आधार पर दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को यात्रियों की सुरक्षा से अधिक हेलीकॉप्टर कंपनियों के मुनाफे की चिंता है।
उन्होंने दुर्घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, उड़ान की अनुमति और सुरक्षा मानकों के पालन की पड़ताल करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में खराब मौसम के दौरान हवाई सेवाओं के संचालन पर सख्त निगरानी जरूरी है।
कुकरेती ने उक्रांद की चमोली और रुद्रप्रयाग जिला इकाइयों को राहत एवं बचाव कार्यों में प्रशासन का सहयोग करने के निर्देश भी दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

