home page

हथनी पर्वत की गहरी खाई में गिरने से नेपाली नागरिक की मौत

 | 
हथनी पर्वत की गहरी खाई में गिरने से नेपाली नागरिक की मौत


रुद्रप्रयाग, 03 अक्टूबर (हि.स.)। हथनी पर्वत क्षेत्र में करीब 80 मीटर गहरी खाई में गिरने से 52 वर्षीय नेपाली नागरिक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम ने दुर्गम क्षेत्र में सर्च अभियान चलाकर शव को खाई से बाहर निकाला।

जिला नियंत्रण कक्ष, रुद्रप्रयाग से शनिवार को एसडीआरएफ पोस्ट श्री केदार को घोड़ा पड़ाव के पास एक व्यक्ति के खाई में गिरने की सूचना मिली। उप निरीक्षक प्रेम सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ रेस्क्यू टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।

घटनास्थल पर पहुंचने के बाद टीम ने सघन सर्च अभियान चलाया। इस दौरान बेस कैंप से करीब तीन किलोमीटर ऊपर हथनी पर्वत क्षेत्र में लगभग 80 मीटर गहरी खाई में एक व्यक्ति का शव दिखाई दिया। टीम ने विषम और दुर्गम परिस्थितियों में सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को बाहर निकाला।

मृतक की पहचान धन बहादुर (52) निवासी हेमा गांव, नेपाल के रूप में हुई। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को सेक्टर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में रुद्र पॉइंट स्थित राजकीय अस्पताल के सुपुर्द कर दिया गया।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय