home page

ईडी पूछताछ के बाद हरीश रावत ने शहीद स्मारकों पर अर्पित की श्रद्धांजलि

 | 
ईडी पूछताछ के बाद हरीश रावत ने शहीद स्मारकों पर अर्पित की श्रद्धांजलि


देहरादून, 26 सितंबर (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कार्यालय में करीब छह घंटे की पूछताछ के बाद पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता हरीश रावत ने शनिवार को शहर के विभिन्न शहीद स्मारकों और प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

कांग्रेस की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, रावत शाम करीब 5:30 बजे ईडी कार्यालय से बाहर निकले। इसके बाद वह गांधी पार्क पहुंचे, जहां उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस और शहीद केसरी चंद की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। उन्होंने गांधी पार्क स्थित कारगिल शहीद स्मारक पर भी पुष्प अर्पित किए।

हरीश रावत ने कहा कि देश के शहीदों के सामने हर परिस्थिति छोटी है। उनके त्याग और बलिदान से देश, लोकतंत्र और संविधान के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध होता है। इसके बाद रावत ने नींबूवाला में शहीद दल बहादुर थापा की प्रतिमा और दुर्गा मल्ल पार्क में शहीद दुर्गा मल्ल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने गोरखा समाज के लोगों से भी मुलाकात की। रावत ने इसके बाद चीड़ बाग स्थित शहीद स्मारक और पूर्व सीडीएस जनरल बिपिन रावत की प्रतिमा पर भी पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने सैनिकों के शौर्य और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को नमन किया।

हरीश रावत ने कहा कि सैनिकों का बलिदान किसी भी राजनीतिक परिस्थिति से बड़ा है और शहीद स्मारकों पर पहुंचने से लोगों को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का भी स्मरण होता है।इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय