home page

विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस पर हरिद्वार में जागरूकता रैली

 | 
विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस पर हरिद्वार में जागरूकता रैली


हरिद्वार, 29 जुलाई (हि.स.)। विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने शिक्षा, पुलिस, परिवहन और स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर विधिक जागरूकता रैली निकाली। रैली का शुभारंभ प्राधिकरण सचिव सिमरनजीत कौर और डीपीएस रानीपुर के प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने किया।

रैली दिल्ली पब्लिक स्कूल से शुरू होकर स्वर्ण जयंती पार्क, सेक्टर-4, पीठ बाजार होते हुए स्कूल में संपन्न हुई। इसमें डीपीएस, शिवडेल पब्लिक स्कूल, पुलिस मॉडर्न स्कूल के छात्र-शिक्षकों के साथ पुलिस,पैनल अधिवक्ता और अधिकार मित्र शामिल हुए।

सचिव सिमरनजीत कौर ने कहा कि रैली का उद्देश्य मानव तस्करी के प्रति समाज को जागरूक करना और पीड़ितों के कानूनी अधिकारों की रक्षा करना है। डॉ. जग्गा ने कहा कि ऐसे अभियान बच्चों को इस अपराध के प्रति सचेत करते हैं।

इसके बाद सचिव ने बहादराबाद स्थित वन स्टॉप सेंटर में लीगल हेल्प डेस्क का उद्घाटन किया और वहां एक पैनल अधिवक्ता व अधिकार मित्र तैनात किए। जिला न्यायालय में हुई मासिक बैठक में आगामी विधिक गतिविधियों और पीड़ित प्रतिकर योजना पर चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला न्यायाधीश नरेंद्र दत्त ने की।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला