home page

हरेला पर्व पर चम्पावत में हरियाली का संकल्प, 70 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य

 | 
हरेला पर्व पर चम्पावत में हरियाली का संकल्प, 70 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य


हरेला पर्व पर चम्पावत में हरियाली का संकल्प, 70 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य


चम्पावत, 16 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला महोत्सव-2026 के अवसर पर गुरुवार को चम्पावत जिले में पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन को लेकर व्यापक पौधरोपण अभियान चलाया गया। वन पंचायत पुनेठी, ताराचौड़, मानेश्वर महादेव मंदिर, डिप्टेश्वर मंदिर, रजत जयंती पार्क तथा भारत-नेपाल सीमा से लगे विद्यालयों सहित अनेक स्थानों पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सुरक्षा बलों, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने पौधरोपण कर हरित उत्तराखंड के निर्माण का संकल्प लिया।

वन पंचायत पुनेठी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पौधरोपण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पर्यावरण संरक्षण संबंधी संदेश तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।

राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय ने कहा कि हरेला केवल एक लोकपर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, पर्यावरण और धरती के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि हरेला महोत्सव के तहत प्रदेश में 10 लाख पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें कुमाऊं मंडल में 5.5 लाख तथा गढ़वाल मंडल में 4.5 लाख पौधे लगाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि चम्पावत जिले में लगभग 70 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सफल माना जाएगा, जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जाए।

स्प्रिंग एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी (सारा) के तत्वावधान में पुनेठी के ताराचौड़ क्षेत्र में 300 पौधों का रोपण किया गया। अधिकारियों ने बताया कि बांज और उतीश जैसी प्रजातियां भूजल संवर्धन, जल स्रोतों के पुनर्जीवन और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

मानेश्वर महादेव मंदिर परिसर में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 36वीं वाहिनी ने विशेष पौधरोपण अभियान चलाया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी, राज्य मंत्री तथा कमांडेंट संजय कुमार ने पौधरोपण किया। इस दौरान वाहिनी के अधिकारियों और जवानों ने लगभग 200 पौधे लगाए।

नगर पालिका परिषद चम्पावत ने नागनाथ वार्ड स्थित रजत जयंती पार्क में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत वृहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया। नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय ने पौधरोपण कर लोगों से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

डिप्टेश्वर मंदिर परिसर में भी जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पौधरोपण कर हरित वातावरण का संदेश दिया।

वहीं, भारत-नेपाल सीमा से लगे राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पासम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों ने पौधे लगाए। प्रधानाध्यापक नरेश जोशी ने विद्यार्थियों से प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

हरेला महोत्सव के तहत आयोजित कार्यक्रमों में पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन, हरित विकास और जनसहभागिता पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड की पर्यावरणीय विरासत को सुरक्षित रखने और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण देने के लिए वृक्षारोपण को जनआंदोलन का स्वरूप देना समय की आवश्यकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी