home page

हरेला पर्व पर सेना और आईटीबीपी का महा-अभियान, उत्तराखंड में रोपे 70 हजार पौधे

 | 
हरेला पर्व पर सेना और आईटीबीपी का महा-अभियान, उत्तराखंड में रोपे 70 हजार पौधे


हरेला पर्व पर सेना और आईटीबीपी का महा-अभियान, उत्तराखंड में रोपे 70 हजार पौधे


-दून में टेरिटोरियल आर्मी-आईटीबीपी का संयुक्त वृक्षारोपण

देहरादून/पिथौरागढ़, 16 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर सेना की इकोलॉजिकल टेरिटोरियल आर्मी की दो बटालियनों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया। देहरादून में 127 इन्फैंट्री बटालियन (टेरिटोरियल आर्मी) इकोलॉजिकल, गढ़वाल राइफल्स ने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के साथ संयुक्त रूप से वृक्षारोपण किया, जबकि पिथौरागढ़ में 130 इन्फैंट्री बटालियन (प्रादेशिक सेना) इकोलॉजिकल कुमाऊं ने हरेला सप्ताह के दौरान 70 हजार पौधे रोपने का अभियान पूरा किया।

जनसंपर्क अधिकारी (रक्षा) देहरादून लेफ्टिनेंट कर्नल चेतन सिंह कबसूड़ी ने बताया कि देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में 127 इन्फैंट्री बटालियन ने अपने 'भागीदारी और जिम्मेदारी' अभियान के तहत आईटीबीपी के अधिकारियों, जवानों और उनके परिवारों के साथ स्थानीय एवं देशज प्रजातियों के पौधे लगाए। प्रतिभागियों ने पौधों के संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया। बटालियन ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक, संस्था और परिवार की सहभागिता से हरित एवं सतत उत्तराखंड के निर्माण को बढ़ावा देना है।

उधर, पिथौरागढ़ में 10 से 16 जुलाई तक आयोजित हरेला सप्ताह के दौरान 130 इन्फैंट्री बटालियन (प्रादेशिक सेना) इकोलॉजिकल कुमाऊँ ने बनानी, गुनसेरा (चंडाक), अगनिया (बुंगाचीना), सुवाकोट (वड्डा) समेत विभिन्न क्षेत्रों में 70 हजार पौधों का रोपण किया। अभियान में स्थानीय ग्रामीणों, पूर्व सैनिकों, विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवी संगठनों, वन विभाग और जिला प्रशासन ने भागीदारी की।

अभियान के दौरान आम, अनार, अमरूद, लीची, नींबू, बांज, मणिपुरी बांज, चिनार, देवदार, सुरई और कचनार सहित स्थानीय एवं फलदार प्रजातियों के पौधे लगाए गए। बटालियन के अनुसार यह अभियान वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित आठ लाख पौधों के वार्षिक लक्ष्य से अलग स्वैच्छिक पहल के रूप में संचालित किया गया।

हरेला सप्ताह का समापन गुरुवार को चंडाक स्थित वर्धानी ईको पार्क में हुआ। कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या मुख्य अतिथि रहीं। इस अवसर पर वन विभाग, जिला प्रशासन, पुलिस, जनप्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं और स्थानीय नागरिकों ने भी भाग लिया। वक्ताओं ने बटालियन के पर्यावरण संरक्षण और हिमालयी पारिस्थितिकी के संवर्धन में योगदान की सराहना की।

बटालियन ने अधिक से अधिक वृक्षारोपण और पौधों के संरक्षण का आह्वान करते हुए कहा कि हिमालयी पारिस्थितिकी के संरक्षण के लिए जनभागीदारी को और मजबूत किया जाएगा।

---

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय