हनुमान जन्मोत्सव पर राममय हुई द्रोणनगरी,जयकारों से गूंजा शहर
देहरादून, 2 अप्रैल (हि.स.)। हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर द्रोणनगरी देहरादून गुरुवार को पूरी तरह राममय नजर आई। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में दिनभर धार्मिक जुलूस, शोभायात्राएं और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भागीदारी की। भगवान राम और हनुमान के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।
देहरादून सहित प्रदेश भर में प्रातःकाल से ही मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और हनुमान पाठ का क्रम शुरू हो गया। शहर के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं। विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों द्वारा शोभायात्राएं निकाली गईं। शहर के प्रमुख मार्गों,सहारनपुर चौक, प्रिंस चौक, घंटाघर, दर्शन लाल चौक, झंडा बाजार और कांवली रोड—पर निकले जुलूसों के कारण कई स्थानों पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए थे। शोभायात्राओं में सजे-धजे रथ, झांकियां और धार्मिक ध्वज आकर्षण का केंद्र रहे। श्रद्धालु “जय श्रीराम” और “जय बजरंगबली” के जयघोष करते हुए शामिल हुए। कई स्थानों पर भंडारे और प्रसाद वितरण का भी आयोजन किया गया।
हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर शहरभर के मंदिरों में विशेष अनुष्ठान आयोजित किए गए। सहारनपुर चौक स्थित शिवाजी धर्मशाला से श्री बालाजी महाराज की 16वीं भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसका आयोजन श्री पृथ्वीनाथ महादेव सेवादल की ओर से किया गया। शोभायात्रा में मथुरा-वृंदावन, दिल्ली, पंजाब और हिमाचल प्रदेश से आए कलाकारों ने झांकियों के माध्यम से धार्मिक प्रस्तुतियां दीं। जामुनवाला स्थित एकादशमुखी हनुमान मंदिर, हनुमान चौक स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर और गढ़ी कैंट स्थित माता वैष्णो देवी गुफा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई।
इसी क्रम में बजरंग दल की ओर से भी शहर में धार्मिक यात्रा निकाली गई,जिसमें बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा और बच्चे शामिल हुए। आयोजकों के अनुसार यात्रा में हजारों लोगों की भागीदारी रही। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्रीय संगठन मंत्री मुकेश विनायक ने कहा कि वर्तमान समय में समाज में धार्मिक पहचान को लेकर जागरूकता बढ़ी है और ऐसे आयोजनों से एकजुटता का संदेश मिलता है। वहीं,अनुज वालिया ने पछवादून क्षेत्र से जुड़े कुछ मामलों को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए कार्रवाई की मांग की और चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर संगठन आंदोलन करेगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रांत मिलन प्रमुख विकास वर्मा के नेतृत्व में हनुमान चालीसा का पाठ किया गया, जिसके बाद धार्मिक ध्वजा के साथ यात्रा को नगर भ्रमण के लिए रवाना किया गया। यात्रा हिंदू नेशनल कॉलेज से शुरू होकर सहारनपुर चौक, लक्की बाग, प्रिंस चौक, तहसील चौक, दर्शन लाल चौक, घंटाघर, पीपल मंडी, झंडा बाजार और कांवली रोड होते हुए पुनः प्रारंभिक स्थल पर समाप्त हुई।
इस अवसर पर विहिप के प्रांत संगठन मंत्री अजय कुमार, प्रांत उपाध्यक्ष सुभाष जोशी, अनिल मेसन, प्रेम सेठी, अनीता चौहान, अमन राजवंशी, शेखर बंसल, हर्ष सहगल, राजेश सोमवंशी, नवीन गुप्ता, शशांक घिड़ियाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हनुमान जन्मोत्सव पर राज्यपाल ने मंदिरों में की पूजा-अर्चना
हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) एवं प्रथम महिलागुरमीत कौर ने गुरुवार को झाझरा स्थित श्री सिद्ध हनुमान मंदिर, बालाजी धाम और सेलाकुई स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान राज्यपाल दंपति ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

