मुख्यमंत्री धामी ने देखी संत नीम करौली बाबा के जीवन से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’
देहरादून, 04 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हाथीबड़कला स्थित सेंट्रियो मॉल के सिनेमा हॉल में संत नीम करौली बाबा के जीवन, भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक यात्रा से प्रेरित फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। फिल्म देखने के बाद उन्होंने नीम करौली बाबा के जीवन को भारतीय संत परंपरा, मानव सेवा और करुणा का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की संत परंपरा सदैव समाज को सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाती रही है। नीम करौली बाबा का जीवन भी इसी महान परंपरा का प्रेरक उदाहरण है। उनकी भक्ति, मानव सेवा और सभी के प्रति प्रेम का संदेश आज भी प्रासंगिक है और समाज को नई दिशा देने की क्षमता रखता है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि होने के साथ महान संतों और आध्यात्मिक परंपराओं की भूमि भी है। नीम करौली बाबा का कैंची धाम आज देश-विदेश में आस्था के प्रमुख केंद्र के रूप में पहचान बना चुका है। संतों के जीवन और उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने वाले रचनात्मक प्रयास भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों को नई पीढ़ी से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
धामी ने कहा कि ‘हनुमान अंश’ भक्ति, सेवा, प्रेम और मानव कल्याण की भावना को केंद्र में रखती है। फिल्म के माध्यम से नीम करौली बाबा की आध्यात्मिक यात्रा और उनके जीवन से जुड़े ईश्वर के प्रति अटूट श्रद्धा, मानव सेवा, करुणा, विनम्रता और लोककल्याण जैसे मूल्यों को सामने लाने का प्रयास किया गया है।
मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्माता, निर्देशक और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा पर आधारित सकारात्मक एवं प्रेरणादायी फिल्में समाज में सेवा, संस्कार और मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक प्रदीप बत्रा सहित विभिन्न दायित्वधारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि ‘हनुमान अंश’ का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। फिल्म में शोभिनव सतैया सहित अन्य कलाकारों ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म सात अगस्त 2026 को हिंदी में देशभर में रिलीज हुई।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

