home page

हंस महाराज के विचार आज भी मानव सेवा और परोपकार की प्रेरणा दे रहे : माताश्री मंगला

 | 
हंस महाराज के विचार आज भी मानव सेवा और परोपकार की प्रेरणा दे रहे : माताश्री मंगला


हंस महाराज के विचार आज भी मानव सेवा और परोपकार की प्रेरणा दे रहे : माताश्री मंगला


-योगीराज हंस महाराज की जयंती पर दो दिवसीय जनकल्याण समारोह शुरू, देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालु

हरिद्वार, 21 नवंबर (हि.स.)। प्रख्यात आध्यात्मिक विभूति योगीराज हंस महाराज की जयंती के उपलक्ष्य में शनिवार को कनखल के वैरागी कैंप में दो दिवसीय विशाल जनकल्याण समारोह का शुभारंभ हुआ। हंस ज्योति, ए यूनिट ऑफ हंस कल्चरल सेंटर दिल्ली की ओर से आयोजित समारोह में भोले महाराज और माताश्री मंगला के सानिध्य में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

समारोह में योगीराज हंस महाराज और माताश्री राजेश्वरी देवी के चित्रों के समक्ष श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इस अवसर पर भोले महाराज ने कहा कि मनुष्य जीवन ईश्वर की भक्ति और भजन के लिए मिला है। इसे व्यर्थ की बातों में गंवाने के बजाय अच्छे कर्मों और परोपकार में लगाना चाहिए। उन्होंने भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान, भक्ति और जनकल्याण के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।

माताश्री मंगला ने योगीराज हंस महाराज के जीवन और उनके आध्यात्मिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड उनकी जन्मभूमि और कर्मभूमि रही है। हरिद्वार देश-विदेश के करोड़ों लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। हंस महाराज ने इसी पावन भूमि से आध्यात्मिक ज्ञान के प्रचार और जनकल्याण के कार्यों की शुरुआत की थी।

उन्होंने कहा कि हंस महाराज ने अपने आध्यात्मिक ज्ञान से देश-विदेश में करोड़ों लोगों के जीवन को नई दिशा दी। उनके विचार आज भी समाज को सत्कर्म, परोपकार और मानव सेवा के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

माताश्री मंगला ने कहा कि हंस महाराज के विचारों से प्रेरित होकर द हंस फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ पेयजल, जैविक खेती और हंस गौशाला सहित विभिन्न क्षेत्रों में जनकल्याणकारी कार्य कर रहा है। संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।

समारोह में विभिन्न तीर्थस्थलों से पहुंचे संत-महात्माओं ने सत्संग के माध्यम से अपने विचार रखे। वहीं भजन गायकों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला