home page

हंस जी महाराज की जयंती पर भजन संध्या में भक्ति में हुआ हरिद्वार

 | 
हंस जी महाराज की जयंती पर भजन संध्या में भक्ति में हुआ हरिद्वार


हरिद्वार, 23 नवंबर (हि.स.)। योगीराज श्री हंस जी महाराज की जयंती पर वैरागी कैम्प कनखल में चल रहे विशाल जनकल्याण समारोह के दूसरे दिन सुप्रसिद्ध भजन गायक हंसराज रघुवंशी की भव्य भजन संध्या हुई। श्री भोले जी महाराज एवं माताश्री मंगला जी के सानिध्य में हंस ज्योति की ओर से आयोजित संध्या में युवाओं पर रघुवंशी का जादू सिर चढ़कर बोला। श्रोता घंटों तक झूमते रहे।

रघुवंशी ने भगवान शिव की महिमा से जुड़े भजनों की शानदार प्रस्तुति देकर धमाल मचा दिया। उन्होंने कहा कि भजन संध्या के बहाने वे श्री भोले जी महाराज एवं माताश्री मंगला जी का आशीर्वाद लेने हरिद्वार आए हैं। वे अध्यात्मज्ञान के साथ मानव सेवा और जनकल्याण के कार्य कर रहे हैं।

आयोजकों ने बताया कि रघुवंशी की भजन संध्या श्री भोले जी महाराज के आशीर्वाद से सभी श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह निशुल्क थी। इस अवसर पर सभी को निःशुल्क भोजन प्रसाद और चिकित्सा सुविधा भी दी गई।

संध्या की शुरुआत जय शिव शंकर से हुई। इसके बाद शिव समा रहे, ऐसा डमरू बजाया भोलेनाथ ने, पार्वती बोली शंकर से, लागी लगन शंकरा, केदारा, ऊंची ऊंची वादी आदि भजनों पर पंडाल भक्ति के सागर में डूब गया। युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। पंडाल छोटा पड़ गया और बाहर भी श्रोता भजनों का आनंद लेते रहे। भजनों ने वातावरण भक्तिमय बना दिया।

इस मौके पर श्री भोले जी महाराज ने कहा कि रघुवंशी अपने भजनों से लोगों को भक्ति के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन पर शिव का आशीर्वाद है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला