home page

कैंटर ने पूर्व सैनिक को कुचला, मौत

 | 
कैंटर ने पूर्व सैनिक को कुचला, मौत


हल्द्वानी, 16 जुलाई (हि.स.)। हल्दूचौड़ फ्लाईओवर के पास तेज रफ्तार दूध के कैंटर ने एक पूर्व सैनिक को कुचल दिया। कैंटर उन्हें करीब 15 मीटर तक घसीटते हुए ले गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान पेशकारपुर निवासी 77 वर्षीय हरीश चंदोला के रूप में हुई है, जो पूर्व सैनिक थे। वे रोज की तरह गुरुवार सुबह सड़क पार कर घर के लिए दूध लेकर लौट रहे थे।

जानकारी के अनुसार, आज सुबह हरीश चंदोला सड़क के दूसरी ओर से दूध लेकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे हल्दूचौड़ क्षेत्र में सांवरिया बैंक्वेट हॉल के सामने हाईवे पार करने लगे, हल्द्वानी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार दूध के कैंटर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कैंटर उन्हें करीब 15 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

गौरतलब है कि इसी हल्दूचौड़ फ्लाईओवर के पास दो दिन पहले भी एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने चार लोगों की जान ले ली थी। उस दर्दनाक घटना के बाद अब उसी मार्ग पर फिर एक और जानलेवा हादसे ने स्थानीय लोगों को झकझोर दिया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। हादसे को अंजाम देने वाले दूध के कैंटर को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / डी तिवारी