युवक फंदे से झूला, पत्नी को किया था आखिरी कॉल
हल्द्वानी, 16 मई (हि.स.)। हल्द्वानी में 28 साल के युवक ने अपने नए मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है उसकी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी, जिसकी वजह पत्नी बच्चे को लेकर मायके चली गई थी, इस घटना के बाद से युवक घर में अकेला रहता था।
आत्महत्या करने से ठीक पहले पत्नी को फोन भी किया था। इस दौरान दोनों के बीच क्या बात हुई, इसकी जांच की जा रही है, लेकिन फोन कटने के कुछ देर बाद ही युवक अपने कमरे में गया और फांसी के फंदे पर झूल गया।
परिजनों के मुताबिक, युवक ने 15 दिनों पहले ही नई कार ली थी, लेकिन पारिवारिक तनाव ने उसे अंदर से तोड़ दिया। उत्तर प्रदेश के फतेहगंज का रहने वाला मृतक गंगासरण दिसंबर 2015 से हल्द्वानी में रह रहा था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा 8 साल का बेटा और 6 साल की बेटी हैं।
मृतक के बड़े भाई मनोज मौर्य के अनुसार शुक्रवार को गंगासरण अपनी नई कार से उसके पास बरेली आकर वापस हल्द्वानी लौटा था। शुक्रवार शाम घर के बाहर खड़ी गंगासरण की कार हटवाने के लिए एक बच्चे को उसके घर के अंदर भेजा। कमरे के गंगासरण को फंदे से लटका देख बच्चा चिल्लाने लगा। बच्चे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे ।
पड़ोसियों ने तुरंत गंगासरण की पत्नी को फोन किया। तो वह मायके से जीतपुर नेगी गांव पहुंची। सूचना मिलने पर हल्द्वानी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / डी तिवारी

