home page

स्टाइपेंड की मांग पर मेडिकल कॉलेज के इंटर्न छात्र हड़ताल पर

 | 
स्टाइपेंड की मांग पर मेडिकल कॉलेज के इंटर्न छात्र हड़ताल पर


हल्द्वानी, 15 सितंबर (हि.स.)। राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में एलाइड हेल्थकेयर प्रोफेशन के इंटर्न छात्रों ने स्टाइपेंड की मांग को लेकर मंगलवार से हड़ताल शुरू कर दी।

छात्रों का कहना है कि वे पिछले करीब दो वर्षों से शासन-प्रशासन के समक्ष मांग उठा रहे हैं, लेकिन अब तक इस संबंध में कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ है।

उनका कहना है कि अस्पताल में सेवाएं देने और व्यावहारिक प्रशिक्षण लेने के बावजूद उन्हें कोई मासिक मानदेय या स्टाइपेंड नहीं दिया जा रहा है।

छात्रों का दावा है कि वर्ष 2005 से पहले पैरामेडिकल विद्यार्थियों को इंटर्नशिप के दौरान मानदेय दिए जाने का प्रावधान था। वर्ष 2020 में पैरामेडिकल एवं एलाइड हेल्थकेयर प्रोफेशन का पाठ्यक्रम दोबारा संचालित होने के बाद से स्टाइपेंड की मांग उठाई जा रही है।

हड़ताल कर रहे छात्रों का कहना है कि इंटर्नशिप के दौरान वे अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में भी योगदान देते हैं। बिना आर्थिक सहायता के इंटर्नशिप करना कई विद्यार्थियों के लिए कठिन हो रहा है। छात्रों ने कम से कम 15 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड देने और इसके लिए स्पष्ट शासनादेश जारी कर व्यवस्था तत्काल लागू करने की मांग की है।

छात्रों ने कहा कि कई बार संबंधित अधिकारियों और मुख्यमंत्री तक अपनी मांग पहुंचाने के प्रयास के बावजूद समाधान नहीं होने पर उन्हें हड़ताल का निर्णय लेना पड़ा। उन्होंने सरकार से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता