गुरुकुल कांगड़ी के विकास की कार्ययोजना केंद्रीय शिक्षा मंत्री के समक्ष रखी जाएगी : मदन कौशिक
हरिद्वार, 17 जुलाई (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय में छात्र-छात्राओं की सुविधाओं के विस्तार और विश्वविद्यालय के समग्र विकास के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा तैयार की जा रही विकास योजना को शीघ्र ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि आवश्यक परियोजनाओं को स्वीकृति दिलाई जा सके।
शुक्रवार को नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर आयोजित संध्या यज्ञ में शामिल होने पहुंचे मदन कौशिक ने कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा के साथ विश्वविद्यालय की विकास योजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी उनकी मातृ शिक्षण संस्था है और यह विश्वविद्यालय पिछले 124 वर्षों से भारतीय संस्कृति, वैदिक परंपराओं तथा राष्ट्रीय शिक्षा मूल्यों के संरक्षण और संवर्धन में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
उन्होंने कहा कि छात्रों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और विश्वविद्यालय के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ बनाने के लिए एक व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इस संबंध में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री से मुलाकात करेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने विश्वविद्यालय की वर्तमान आवश्यकताओं, भविष्य की विकास योजनाओं और संसाधनों के विस्तार की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध और आधुनिक सुविधाओं के विकास के लिए सभी स्तरों पर सहयोग आवश्यक है।
इस अवसर पर आईक्यूएसी निदेशक प्रो. पंकज मदान, परीक्षा नियंत्रक प्रो. एल.पी. पुरोहित, वित्ताधिकारी प्रो. वी.के. सिंह, प्रो. देवेंद्र कुमार गुप्ता, उपकुलसचिव डॉ. श्वेतांक आर्य, डॉ. दीनदयाल, डॉ. अंकित कुमार, जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवकुमार चौहान, कुलभूषण शर्मा सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

