म्यूचुअल फंड में निवेश की संभावनाओं और एनएफओ की कार्यप्रणाली से रूबरू हुए विद्यार्थी
हरिद्वार, 20 नवंबर (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के प्रबंध अध्ययन संकाय की ओर से भारतीय म्यूचुअल फंड बाजार में न्यू फंड ऑफर (एनएफओ) की कार्यप्रणाली, अवसर एवं महत्वपूर्ण पहलुओं पर अतिथि व्याख्यान आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को म्यूचुअल फंड उद्योग की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के साथ ही इस क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में एनजे वेल्थ, गुरुग्राम के शाखा प्रबंधक हिमांशु शर्मा ने विद्यार्थियों को म्यूचुअल फंड उद्योग में न्यू फंड ऑफर की उपयोगिता, कार्यप्रणाली और निवेश की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने एनएफओ की तुलना प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) से करते हुए दोनों के बीच अंतर समझाया। साथ ही नेट एसेट वैल्यू (एनएवी) की गणना, वास्तविक म्यूचुअल फंड योजनाओं के उदाहरण और एनएफओ की बैक-टेस्टिंग जैसे विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि संस्थागत निवेशक और फंड मैनेजर निवेश योजनाओं के प्रदर्शन का मूल्यांकन विभिन्न मानदंडों और निर्धारित रूपरेखाओं के आधार पर करते हैं। इसके अलावा विद्यार्थियों को वेल्थ मैनेजमेंट के क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं और सफल करियर के लिए आवश्यक कौशलों की जानकारी भी दी।
व्याख्यान का आयोजन कन्या गुरुकुल परिसर में भी किया गया, जिसमें करीब 50 छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का आयोजन परिसर प्रभारी प्रो. बिंदु अरोड़ा के मार्गदर्शन में हुआ। इस अवसर पर प्रबंध अध्ययन संकाय की विभागाध्यक्ष एवं संकायाध्यक्ष प्रो. वीके सिंह ने कहा कि ऐसे अतिथि व्याख्यान विद्यार्थियों को वित्तीय जगत में हो रहे बदलावों और गतिविधियों से रूबरू कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में आईक्यूएसी निदेशक प्रो. पंकज मदान उपस्थित रहे। मंच संचालन डॉ. कपिल पांडेय ने किया। इस दौरान डॉ. इंदु गौतम, डॉ. नेहा कौशिक, रत्नेश शुक्ला, विकास अग्रवाल, मयंक चौहान, हरीश रावत, अभिषेक गुप्ता और अभिजीत सिंह सहित शिक्षकेतर कर्मचारी विकास सक्सेना, नारायण सिंह नेगी एवं नागेंद्र सिंह राणा मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

