कोर में ‘मंथन 2के 26’ का समापन, गैलगोटियास की टीम ने जीता एक लाख का पुरस्कार
रुड़की, 10 अक्टूबर (हि.स.)। कोर विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय अंतरविश्वविद्यालयीय तकनीकी एवं प्रबंधन महोत्सव ‘मंथन 2के26’ का शनिवार को पुरस्कार वितरण के साथ भव्य समापन हुआ। महोत्सव में देशभर के शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने तकनीकी नवाचार, उद्यमिता और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
समापन दिवस की शुरुआत राष्ट्रीय हैकाथॉन के तीसरे चरण से हुई, जिसमें 150 टीमों ने प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। हैकाथॉन में ग्रेटर नोएडा के गैलगोटियास इंजीनियरिंग कॉलेज की टीम ‘न्यूरल फोर्ज’ ने प्रथम स्थान हासिल कर एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार जीता। टीम में मनमोहन, उमंग यादव, सुशांत सिंह और रचित सैनी शामिल रहे। देहरादून की देवभूमि विश्वविद्यालय की टीम ‘सुसोसु’ दूसरे और मेरठ की शोभित विश्वविद्यालय की टीम ‘एक्स’ तीसरे स्थान पर रही।
अन्य प्रतियोगिताओं में कोडिंग प्रतियोगिता ‘गिगाबिट’ में सीओईआर की तनिषा राठी प्रथम और शिवि श्रीवास्तव द्वितीय रहीं। यूआई, यूएक्स डिजाइन ‘एनिमेट-एक्स’ में प्रियंका भंडारी, बिजनेस प्रस्तुतीकरण ‘स्ट्रेटेजम’ में राहुल राज और स्नेहा सेन विजेता बने। आयुर्वेदिक नवाचार ‘आयुनोवा’ में शिवांगी-अंजलि ने पहला स्थान पाया। स्कूली नवाचार ‘प्रयोग’ में मॉन्टफोर्ट स्कूल के श्रेय मिश्रा, आरित गुप्ता और वेदांत सेठी तथा ई-स्पोर्ट्स ‘कुरुक्षेत्र’ में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के रोहित ने बाजी मारी।
समारोह में विश्वविद्यालय के अध्यक्षजेसी जैन और कुलपति डॉ. अनुभा सिंह ने विद्यार्थियों को नवाचार और उद्यमशील सोच के लिए प्रेरित किया और आयोजकों-स्वयंसेवकों की सराहना की। सभी विजेताओं को प्रमाणपत्र, ट्रॉफी और उपहार देकर सम्मानित किया गया।
समापन का विशेष आकर्षण हास्य कलाकार प्रणव शर्मा की प्रस्तुति रही, जिसने दर्शकों को खूब गुदगुदाया। 2005 में शुरू हुआ ‘मंथन’ आज तकनीक, ज्ञान और मनोरंजन का बड़ा मंच बन चुका है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

