home page

राज्यपाल ने आपदा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को किया सम्मानित

 | 
राज्यपाल ने आपदा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को किया सम्मानित


देहरादून, 01 अप्रैल (हि.स.)। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने बुधवार को लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में आपदा के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले देहरादून जनपद के अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया। उन्होंने सम्मानित कार्मिकों के समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उन्हें अन्य कर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

इस अवसर पर राज्यपाल ने जिलाधिकारी सविन बंसल की विशेष रूप से सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने आपदा के दौरान फ्रंटलाइन लीडर के रूप में प्रभावी नेतृत्व दिया और टीम के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की। उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को सम्मानित करने की पहल की भी प्रशंसा की। राज्यपाल ने कहा कि आपदा प्रबंधन और पूर्व तैयारी को सर्वोच्च प्राथमिकता देना आवश्यक है। आपदा के समय सैनिकों,सुरक्षाबलों और प्रशासनिक अधिकारियों ने निस्वार्थ भाव से कार्य करते हुए समाज और राष्ट्र की सेवा की है, जो अनुकरणीय है।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी कृष्ण कुमार मिश्रा, उप जिलाधिकारी हरगिरि, अपर उप जिलाधिकारी (न्यायिक) कुमकुम जोशी, पुलिस उपाधीक्षक मनोज कुमार असवाल, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. एमए भट्ट, जिला सूचना कार्यालय के कनिष्ठ सहायक इन्द्रेश कोठारी, यूपीसीएल के लाइनमैन अमन तथा लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता प्रदीप शाही काे सम्मानित किया गया।

उल्लेखनीय है कि 15-16 सितम्बर 2025 की रात्रि सहस्त्रधारा-कार्लीगाड क्षेत्र में हुई भीषण वर्षा एवं बादल फटने की घटना से बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। घटना के तुरंत बाद जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य चलाया था, जिनमें कई कार्मिकों ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, अपर सचिव रीना जोशी, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय