राज्यपाल से मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और भगत सिंह कोश्यारी ने की शिष्टाचार भेंट
देहरादून, 14 अक्टूबर (हि.स.)। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) से बुधवार को लोक भवन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण और महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री पद्म भूषण भगत सिंह कोश्यारी ने अलग-अलग शिष्टाचार भेंट की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ मुलाकात के दौरान प्रदेश के विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा हुई। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड में पिछले पांच वर्षों का कार्यकाल उनके लिए विशेष अनुभवों, आत्मीय संबंधों और जनसेवा के अनेक अवसरों से परिपूर्ण रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में टीम भावना, आपसी समन्वय और सामूहिक प्रयासों के साथ प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए कार्य किया गया। राज्यपाल ने मुख्यमंत्री को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उत्तराखंड विकास, समृद्धि और जनकल्याण के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

