home page

राजकीय शिक्षक संघ चुनाव में सभी शिक्षक करेंगे प्रत्यक्ष मतदान: धन सिंह रावत

 | 
राजकीय शिक्षक संघ चुनाव में सभी शिक्षक करेंगे प्रत्यक्ष मतदान: धन सिंह रावत


देहरादून, 26 मार्च (हि.स.)। उत्तराखण्ड में राजकीय शिक्षक संघ के आम चुनाव अब लोकतांत्रिक प्रणाली के तहत कराए जाएंगे, जिसमें सभी शिक्षक प्रत्यक्ष रूप से भाग लेकर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। यह जानकारी प्रदेश के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दी है।

उन्होंने बताया कि शिक्षक वर्ग लंबे समय से चुनाव प्रक्रिया में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग कर रहा था। पूर्व व्यवस्था में बदलाव को स्वीकृति दे दी गई है, जिससे प्रत्येक शिक्षक अपने प्रतिनिधि का चयन कर सकेगा और चुनाव प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं लोकतांत्रिक बनेगी। उन्होंने इसे शिक्षकों की एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे संगठनात्मक ढांचा मजबूत होगा और शिक्षकों को सीधा प्रतिनिधित्व मिलेगा।

शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने बताया कि राज्य सरकार ने शिक्षकों की एक अन्य महत्वपूर्ण मांग को भी स्वीकार किया है। इसके तहत अब प्रत्येक शिक्षक को वर्ष में एक बार अपने गृह जनपद जाने के लिए दो दिन का विशेष यात्रा (उपार्जित) अवकाश प्रदान किया जाएगा। इस संबंध में शीघ्र ही शासनादेश जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई शिक्षक अपने गृह जनपद से दूर, गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों में तैनात हैं, जिससे उन्हें घर जाने में कठिनाई होती है। अब तक उपार्जित अवकाश की कमी के कारण शिक्षकों को निजी अवकाश का उपयोग करना पड़ता था।

डॉ. रावत ने कहा कि इस निर्णय से शिक्षकों को राहत मिलेगी और वे वर्ष में एक बार यात्रा अवकाश का लाभ ले सकेंगे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि दोनों निर्णयों को शीघ्र प्रभावी रूप से लागू किया जाए, ताकि शिक्षकों को समय पर इसका लाभ मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय