home page

हरिद्वार को मिली बड़ी सौगात, रोशनाबाद में शुरू हुआ आधुनिक सरकारी स्विमिंग पूल

 | 
हरिद्वार को मिली बड़ी सौगात, रोशनाबाद में शुरू हुआ आधुनिक सरकारी स्विमिंग पूल


हरिद्वार, 19 जून (हि.स.)। खेल प्रतिभाओं को नई उड़ान देने की दिशा में हरिद्वार को बड़ी सौगात मिली है। रोशनाबाद स्थित योगस्थली खेल परिसर में करीब 6.6 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक सरकारी स्विमिंग पूल का संचालन शुरू हो गया है। जिले का यह पहला और फिलहाल एकमात्र सरकारी स्विमिंग पूल है, जहां खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैराकी का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

स्विमिंग पूल शुरू होने के महज एक महीने के भीतर ही लगभग 40 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। प्रशिक्षित महिला कोच की निगरानी में बच्चे और युवा तैराकी की तकनीकी बारीकियां सीख रहे हैं। खेल विभाग को उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में यहां से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के तैराक तैयार होंगे।

रोशनाबाद स्थित अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के समीप बनाए गए इस पूल की लंबाई 25 मीटर है और इसे राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है। पूल में आधुनिक सुविधाओं के साथ वाटर ट्रीटमेंट सिस्टम भी स्थापित किया गया है, जिससे खिलाड़ियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण मिल सके।

तैराकी का प्रशिक्षण ले रही खिलाड़ी काव्या और विरोनिका ने बताया कि पहले बेहतर सुविधाओं और कोचिंग के लिए उन्हें दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता था, लेकिन अब हरिद्वार में ही उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध होने से उनकी तैयारी आसान हो गई है। काव्या चार बार राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता में हिस्सा ले चुकी हैं और अब नए पूल में नियमित अभ्यास कर रही हैं।

जिला खेल अधिकारी शबाली गुरुंग ने कहा कि हरिद्वार में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। हॉकी, क्रिकेट, फुटबॉल और वॉलीबॉल के बाद अब तैराकी के क्षेत्र में भी खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल रही हैं। इससे जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि भविष्य में इस स्विमिंग पूल में तैराकी प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय खेल 2025 के दौरान रोशनाबाद स्थित योगस्थली खेल परिसर खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा था। यहां पहले से अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, टेनिस कोर्ट और कुश्ती की सुविधाएं उपलब्ध हैं। अब आधुनिक स्विमिंग पूल जुड़ने से यह परिसर बहुआयामी खेल केंद्र के रूप में और मजबूत हो गया है।

स्विमिंग पूल के रखरखाव और संचालन के लिए खिलाड़ियों से 1050 रुपये सदस्यता शुल्क निर्धारित किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला