home page

सैंजी गांव के आपदा प्रभावितों को मिला नया आशियाना, नाै माह बाद लौटी उम्मीद

 | 

पौड़ी गढ़वाल, 23 मई (हि.स.)। जिले के सैंजी गांव में पिछले वर्ष 6 अगस्त को आई आपदा से प्रभावित परिवारों को अब नया आशियाना मिल गया है। भारी बारिश और भूस्खलन के कारण गांव में कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए थे और 16 परिवार बेघर हो गए थे, जिनमें 7 परिवारों का सब कुछ तबाह हो गया था।

आपदा के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं गांव पहुंचे थे और प्रभावितों से मुलाकात कर राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। प्रधानमंत्री मोदी ने भी देहरादून में आपदा प्रभावितों से मिलकर उनका हाल जाना था।

सरकार की ओर से सभी 16 प्रभावित परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपये की सहायता दी गई। वहीं जिन 7 परिवारों की भूमि पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी, उन्हें एसडीआरएफ मद से मकान निर्माण के लिए 4.25 लाख रुपये अतिरिक्त प्रदान किए गए। अब इन परिवारों के नए मकान तैयार हो चुके हैं।

प्रभावितों को अस्थायी आश्रय, भोजन और चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। प्रभावित परिवारों ने सरकार की मदद पर आभार जताते हुए कहा कि उन्हें फिर से सामान्य जीवन शुरू करने का सहारा मिला है।

आपदा प्रभावित नीलम सिंह भंडारी ने बताया कि आपदा के बाद उनका परिवार लंबे समय तक अस्पताल और अस्थायी आश्रय में रहा, लेकिन अब उनका नया घर तैयार हो चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार की मदद से उन्हें दोबारा सामान्य जीवन शुरू करने का सहारा मिला है। वहीं, बबीता देवी ने बताया कि आपदा के दौरान उनका पूरा सामान नष्ट हो गया था और उन्हें उम्मीद नहीं थी कि इतनी जल्दी उनका घर दोबारा बन पाएगा। कहा कि सरकार की सहायता से अब उनका परिवार फिर से सुरक्षित माहौल में रह रहा है।

जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह