home page

राजकीय महाविद्यालयों में हाईटेक होंगी प्रयोगशालाएं: मंत्री धन सिंह

 | 
राजकीय महाविद्यालयों में हाईटेक होंगी प्रयोगशालाएं: मंत्री धन सिंह


देहरादून, 02 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश के राजकीय महाविद्यालयों में विज्ञान प्रयोगशालाओं को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर हाईटेक बनाया जाएगा। इस दिशा में प्रथम चरण में एमबी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय हल्द्वानी और राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार की प्रयोगशालाओं के उन्नयन के लिए चार करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है।

मंत्री धन सिंह ने गुरुवार को जारी बयान में बताया कि दोनों महाविद्यालयों की विज्ञान प्रयोगशालाओं को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर के सहयोग से उच्चीकृत किया जाएगा, जिससे छात्रों को आधुनिक उपकरणों के माध्यम से प्रयोगात्मक एवं शोधात्मक प्रशिक्षण उपलब्ध हो सके। प्रत्येक महाविद्यालय के लिए दो-दो करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उच्च शिक्षा में गुणवत्ता, नवाचार और शोध गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में प्रदेशभर के राजकीय महाविद्यालयों की प्रयोगशालाओं को चरणबद्ध तरीके से विकसित कर उन्हें वैश्विक मानकों के अनुरूप बनाया जाएगा।

मंत्री ने बताया कि भविष्य में भारतीय विज्ञान संस्थान बैंगलुरू और भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान मोहाली जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के सहयोग से बेसिक साइंस लैब,टिंकरिंग लैब और एप्लीकेशन लैब जैसी आधारभूत संरचनाएं विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही छात्रों को हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग और लैब वर्क के जरिए व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि महाविद्यालयों में आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ शिक्षकों को भी प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि एक समग्र शैक्षणिक इकोसिस्टम विकसित किया जा सके और उत्तराखंड को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक मॉडल राज्य के रूप में स्थापित किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय