home page

ग्रीष्मकालीन पर्यटन सत्र शुरू, यातायात के लिए विशेष व्यवस्था लागू

 | 
ग्रीष्मकालीन पर्यटन सत्र शुरू, यातायात के लिए  विशेष व्यवस्था लागू


नैनीताल, 02 मई (हि.स.)। पर्वतीय पर्यटन नगरी नैनीताल में 0 मई से 15 जून तक ग्रीष्मकालीन पर्यटन सत्र माना जाता है। इस लिहाज से नगर में एवं आसपास ग्रीष्मकालीन पर्यटन सत्र शुरू हो गया है। इस दौरान पर्यटकों के दबाव के बढ़ने की संभावरा को देखते हुए जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए पुलिस ने विशेष प्रबंधन लागू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जिससे जाम की स्थिति न बने और आमजन व पर्यटकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

नैनीताल पुलिस की ओर से बताया गया है कि पुलिस द्वारा नियमित पेट्रोलिंग के साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने एवं यातायात नियंत्रण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश लागू किए गए हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें तथा सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। जनपद में विभिन्न मार्गों पर यातायात भी प्रतिबंधित किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी