एनसीसी यूनिट के चार कैडेट्स का अग्निवीर योजना के तहत भारतीय सेना में चयन
हरिद्वार, 21 अगस्त (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय की एनसीसी यूनिट के चार कैडेट्स का अग्निवीर योजना के तहत भारतीय सेना में चयन हुआ है। चयन की सूचना मिलने पर विश्वविद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
समविश्वविद्यालय एनसीसी यूनिट के इंचार्ज मेजर प्रो. राकेश भूटियानी ने बताया कि एनसीसी यूनिट के कैडेट्स निशांत कुमार, प्रतीक गुसाईं, अश्विनी कंडारी और प्रशांत सिंह का चयन निर्धारित चयन प्रक्रिया के तहत भारतीय सेना में हुआ है।
चयनित कैडेट्स को शुभकामनाएं देते हुए समविश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने कहा कि राष्ट्र सेवा के क्षेत्र में गुरुकुल की भूमिका हमेशा अग्रणी रही है। एनसीसी कैडेट्स और विद्यार्थी इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं।
समविश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार ने कहा कि राष्ट्र सेवा में गुरुकुल के स्नातकों के गौरवशाली योगदान की परंपरा को एनसीसी कैडेट्स आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने चयनित कैडेट्स को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मेजर प्रो. राकेश भूटियानी ने बताया कि समविश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक सितंबर को एनसीसी यूनिट में नए कैडेट्स की भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।
इस अवसर पर वित्ताधिकारी प्रो. वी.के. सिंह, आईक्यूएसी सेल के निदेशक डॉ. पंकज मदान, उप कुलसचिव डॉ. श्वेतांक आर्य और जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवकुमार चौहान सहित विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने चयनित कैडेट्स को शुभकामनाएं दीं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

